वाराणसी। डॉ. शिल्पी राजपूत ने रात डेढ़ बजे से दो बजे के बीच खुद को दो इंजेक्शन लगाए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसी फुटेज में दिख रहा है कि महिला डॉक्टर ने पहले एक इंजेक्शन और कुछ देर बाद दूसरा इंजेक्शन लिया। इसके बाद चैंबर में ही मौजूद कुर्सी पर बैठ गईं। फिर नहीं उठी। सुबह वह मृत पाई गईं।
डॉक्टर की मौत की बात जैसे ही फैली। दूर-दूर से चिकित्सक व जानने वाले लोग उनको देखने पहुंचने लगे। महिला चिकित्सक का स्टाफ भी इस घटना से स्तब्ध था। स्टाफ ने बताया कि वह तनाव में थी जरूर मगर अस्पताल का प्रबंधन वही देख रही थीं। दूर-दूर से मरीज आते थे। उधर, पुलिस ने सीसी फुटेज के साथ चिकित्सक के चैंबर में मिले साक्ष्यों को जुटाया और उसे जांच के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। हालांकि परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। पुलिस स्वत: संज्ञान लेकर जांच कर रही है। सीओ कैंट डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि संभवत: महिला चिकित्सक ड्रग्स लेती थीं। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।