वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियों के बीच काशी को कलंकित करने से आपराधिक प्रवृत्ति के लोग बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को लंका स्थित रविदास गेट के समीप इंग्लैंड से भारत भ्रमण पर आए दंपति का कैमरा लेकर एक उचक्का भाग निकला। भीड़भाड़ वाले बाजार में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
इंग्लैंड के मैनचेस्टर निवासी दंपति काशी भ्रमण पर आए हुए हैं। मंगलवार की दोपहर दोनों रविदास गेट के समीप स्थित दुकान में टेबल पर अपना बैग और कैमरा रखकर लस्सी पी रहे थे। इसी बीच पीछे से आया एक उचक्का कैमरा लेकर भाग निकला। इसे देेखकर दंपति ने शोर मचाया लेकिन तब तक उचक्का आंखों से ओझल हो चुका था। प्रकरण को लेकर क्लेयर टूल थार्ड ने लंका थाने पर तहरीर दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लस्सी की दुकान के आसपास की दुकानों पर लगे सीसी कैमरों को खंगाला लेकिन उचक्के का सुराग नहीं लगा। कैमरा चोरी होने से दुखी विदेशी दंपति पुलिस को तहरीर देकर अपने थाने के लिए रवाना हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को जमकर कोसा। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल के आसपास की दुकानों पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।