ज्ञानपुर (भदोही)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर जिला अस्पताल को चकाचक कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग शनिवार को युद्ध स्तर पर जिला अस्पताल को चमकाने में लगा रहा। दर्जनों मजदूरों को लगाकर अस्पताल भवन की जगह-जगह मरम्मत और डेंटिंग-पेंटिंग कराई गई। अस्पताल में आए अचानक बदलाव से मरीज और तीमारदार भौचक रह गए। लोगों के मुंह से बरबस ही निकल पड़ा कि काश! मुख्यमंत्री हर महीने जिले में आते।
करीब एक हफ्ते से सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की धड़कनें बढ़ी हैं। शनिवार को गहमागहमी चरम पर पहुंच गई। महाराजा चेत सिंह जिला चिकित्सालय में शनिवार देर रात तक साफ-सफाई और डेंटिंग-पेंटिंग चलती रही। वहीं अस्पताल के कोने-कोने की गंदगी को साफ कराया गया। साफ सफाई के साथ अस्पताल की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया। इमरजेंसी के ऊपर मेडिकल वार्ड को आठ बेड का आईसीयू वार्ड बना दिया गया। अस्पताल में आए एकाएक बदलाव से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद बढ़ गई है।