वाराणसी। फुलवरिया फोरलेन का निर्माण शुरू कराने के बाद अब जल्द ही सेतु निगम की तैयारी इमलिया घाट पर प्रस्तावित पुल का निर्माण शुरू कराने की है। कोनिया पुल का काम शुरू कराया जा चुका है। यहां पाइलिंग का काम कराया जा रहा है। वरुणा पार हिस्से में डेढ़ किलोमीटर और कैंटोनमेंट एरिया में साढ़े तीन किलोमीटर लंबी फोरलेन बनाई जानी है। कोनिया और इमिलिया घाट पुल के अलावा लहरतारा और फुलवरिया में रेल ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना है।
शासन से प्राप्त बजट के आधार पर कार्यदायी संस्था की कोशिश है कि पहले इमिलिया और फिर लहरतारा-फुलवरिया आरओबी का काम शुरू कराया जाए। इन कार्यों के पूरा होने में समय लगेगा। इस नाते इन्हें पहले शुरू कराकर पूरा कराने की तैयारी है। इस बारे में सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक केआर सूदन ने बताया कि फुलवरिया और कोेनिया में पाइलिंग का काम कराया जा रहा है। वरुणापार हिस्से में डेढ़ और कैंटोनमेंट एरिया में साढ़े तीन किमी सड़क होगी। लहरतारा रेलवे गेट नंबर चार, फुलवरिया गेट नंबर पांच पर आरओबी का निर्माण पूरा होगा।
इस फोर लेने के तैयार होने के बाद कचहरी और जौनपुर जाने वालों कैंट से घूमकर नहीं आना-जाना होगा। कोनिया पुल के बनने से सारनाथ की ओर जाने वाले भी कज्जाकपुरा की ओर से घूमकर जाने के बजाए सीधे निकल जाएंगे। लहरतारा, कैंट से नदेसर तक आए दिन लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी।