ज्ञानपुर। स्वदेश दर्शन योजना के तहत हरिहरनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने जायजा लिया। मंदिर कमेटी की शिकायत पर आठ के बजाए चार पिलर पर ही काम कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को नामित किया।
पर्यटन मंत्रालय की ओर से स्वदेश दर्शन योजना के तहत जिले के गोपीगंज स्थित बड़े शिव के जीर्णोद्धार के लिए एक करोड़ जबकि ज्ञानपुर हरिहरनाथ मंदिर के लिए 30 लाख से अधिक धन अवमुक्त हुआ है। पर्यटन विभाग की ओर से हरियाणा की एक कार्यदायी संस्था को काम दिया गया था। हरिहरनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के दौरान संस्था ने आठ पिलर स्थापित करना चाहा, जिसका मंदिर कमेटी के लोगों ने विरोध जताया। उनका तर्क था कि इससे मंदिर की सुंदरता गायब हो जाएगी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए सीडीओ हरिशंकर सिंह शनिवार को मंदिर में जांच के लिए पहुंचे। कमेटी के लोगों ने चार पिलर लगाने की सहमति दी, जिस पर कार्य होना तय किया गया। सीडीओ ने कहा कि निर्माण की जांच के लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को नामित किया गया है।