लालानगर। ज्ञानपुर रोड स्टेशन के समीप बुधवार को एक छात्रा बेहोशी की हालत में पाई गई। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद होश में आने पर उसने अपना नाम और पता बताया। छात्रा मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस की सूचना पर घर वाले अस्पताल पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए।
ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर स्थित आनापुर गांव में रेलवे ट्रैक के समीप इंटर की छात्रा बेहोशी की हालत में पाई गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेहोश छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोपीगंज में भर्ती कराया। इलाज के बाद होश में आने पर छात्रा ने अपना नाम और पता बताया। साथ ही परिजनों का मोबाइल नंबर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलने पर छात्रा की मां और मौसी सीएचसी पहुंचीं और उसे घर ले गईं।
वहीं, घटना के बारे में पूछने पर छात्रा ने बताया कि मंगलवार को रात का खाना खाकर मैं घर में सो गई थी। उसके बाद मैं कैसे यहां पहुंची, मुझे कुछ भी नहीं मालूम। उसकी मां ने बताया कि मैं मायके गई हुई थी और दो छोटे भाइयों व दादा-दादी के साथ पूजा घर में थी। उसके पिता सूरत में रहते हैं। मां भी अचानक बेटी के घर से लापता होने के बारे में कुछ नहीं बता सकी।