ज्ञानपुर। 28 फरवरी को धान खरीद का सीजन समाप्त होने के बाद अब खाद्य एवं रसद विभाग गेहूं की खरीद में जुट गया है। एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य में 110 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। 1735 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तय किया गया है। धान खरीद के लिए बुनियादी तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। गेहूं खरीदने के लिए जिले में 15 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। धान की खरीद में लापरवाही के कारण कर्मचारी कल्याण निगम और शिवाय उपभोक्ता सहकारी समिति को क्रय केंद्र खोलने की अनुमति नहीं दी गई है।
गेहूं खरीदने के लिए जिले में विपणन शाखा के पांच, पीसीएफ के नौ और भारतीय खाद्य निगम का एक क्रय केंद्र खोला जाएगा। इन केंद्रों पर सरकारी दर पर एक अप्रैल से गेहूं की खरीद की जाएगी। गेहूं क्रय का लक्ष्य अभी निर्धारित नहीं किया गया है। एक अप्रैल से 15 जून तक सरकारी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की जाएगी। धान बेचने के लिए पंजीकरण कराने वाले किसानों को गेहूं विक्रय के लिए पंजीकरण नहीं कराना पड़ेगा। गेहूं क्रय करने के बाद किसानों का पैसा उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा। गेहूं बेचने के लिए किसानों को खाद्य विभाग में पंजीकरण कराना होगा। गेहूं क्रय केंद्र कम खुलने से किसानों को गेहूं बेचने में दिक्कत होगी। इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन में और क्रय केंद्र खोलने पर विचार कर रहा है। प्रशासन की मानें तो जिले में गेहूं क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ेगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्र ने कहा कि जिन किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया था, उन्हें गेहूं बेचने के लिए पंजीयन नहीं कराना होगा। नए किसानों को गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण कराने की सुविधा खाद्य विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध है।