बड़ागांव/सेवापुरी। होली के हुड़दंग के बीच शुक्रवार की रात आठ बजे नाचने-गाने को लेकर दो बस्ती के लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान जमकर लाठी डंडे चले। इसमें दोनों पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और एहतियातन वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। वहीं जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर व पचवार गांव में शुक्रवार को रंग खेलने को लेकर जमकर मारपीट में हुई। इसमें कई लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने एक हमलावर की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने आठ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
बिसईपुर बस्ती के लोग रास्ते में डीजे की धुन पर नाच रहे थे। उसी समय सीतापुर सोनकर बस्ती के पिंटू और वीरेंद्र घर जा रहे थे। रास्ते को लेकर वाद विवाद हो गया। इसी बीच नाच रहे युवक लाठी डंडा लेकर रास्ता मांगने वाले दोनों युवकों को मारते पीटते हुए उनके घर तक पहुंच गए। लूटपाट और छेड़छाड़ का भी आरोप है। पुलिस मौके पर पहुंची और मामला संभाला। सोनकर बस्ती की एक महिला ने बिसईपुर के त्रिभुवन, दरोगा प्यारेलाल, लालमन ,गोलू शर्मा, दीना एवं संजय के विरुद्ध लूटपाट, हरिजन उत्पीड़न, छेड़खानी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष के घायल लोगों ने निजी चिकित्सालय में उपचार कराया। घायलों में एक पक्ष की संगीता देवी, पिंटू और वीरेंद्र कुमार सोनकर दूसरे पक्ष के दरोगा, गोलू एवं त्रिभुवन को चोटें लगी हैं। पुलिस ने एक पक्ष के वीरेंद्र दूसरे पक्ष के दरोगा और गोलू को हिरासत में ले लिया है।
जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर गांव में शुक्रवार को आधा दर्जन लोग महिलाओं जबरन रंग लगाने लगे। भरत पटेल ने विरोध किया तो पिटाई की। पिता को बचाने के लिए पुत्र सुजीत भी पीट। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने घायल की तहरीर पर द्वारिका पाल, सुरेश गुप्ता, करिया पाल, मनारी पाल समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसी तरीके से जंसा थाना क्षेत्र के पचवार गांव में शुक्रवार को पूर्वाह्न रंग खेलने को लेकर दो पक्षों में मारपीट व जमकर पथराव हुआ। इसमें गोकुल राजभर, नाथे राजभर, शंकर राजभर घायल हो गए। घटना की सूचना पर जंसा पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को मंडलीय अस्पताल भेजवाया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।