वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में करीब पंद्रह मिनट तक कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, डीएम योगेश्वर राम मिश्र और एसएपी से बातचीत की। संकेत दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 और 12 फरवरी को वाराणसी का कार्यक्रम बन सकता है। पीएम की अगवानी करने सीएम भी आएंगे और वह दो दिनों तक पीएम के साथ रहेंगे। कहा कि जो भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनमें तेजी लाई जाए और समय पर काम पूरा किया जाए। किसी भी निर्माण कार्य की अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी। निर्माण कार्य के लिए खोदी गई सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
पीएम अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान किन योजनाओं का उद्घाटन और किन निर्माण कार्यों का शिलान्यास कर सकते हैं, इसकी भी जानकारी ली। बताया गया कि मंडुवाडीह आरओबी बनकर तैयार है। जिसका पीएम के हाथों लोकार्पण होना है। नगर निगम के नए कन्वेंशन सेंटर, सिटी कमांड कंट्रोल कार्यालय, पावन पथ का शिलान्यास कर सकते हैं। गंगा और वरुणा नदी पर दो नए पुल की सौगात भी पीएम दे सकते हैं। उल्लेखनीय है कि शहर में आईपीडीएस का काम 31 जनवरी तक पूरा होना था लेकिन काम पूरा नहीं हुआ। गेल का काम भी धीमी गति से चल रहा है। जल निगम भी शहर में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन के ज्वाइंट्स को दुरुस्त करने का काम शुरू नहीं कर पाया है। पीएम आगमन से पूर्व इन कार्यों की फिर समीक्षा होगा।