वाराणसी। नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान शुक्रवार को पहड़िया मंडी की निगरानी के पुख्ता बंदोबस्त होंगे। 1100 से अधिक जवानों की तैनाती के साथ ही निगरानी के लिए दो ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी लगा दी गई है। जो कोई विजय जुलूस निकालेगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि पहड़िया मंडी में एक एडिशनल एसपी, पांच डिप्टी एसपी, 150 सब इंस्पेक्टर, 700 कांस्टेबल और दो प्लाटून सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। वहीं, राजातालाब तहसील में मतगणना के लिए एक एडिशनल एसपी, दो डिप्टी एसपी, 25 सब इंस्पेक्टर, सौ कांस्टेबल और दो सेक्शन पीएसी तैनात की गई है।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि जहां मतगणना होगी वहां प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के मोबाइल के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही मतगणना के स्थान पर कोई भी तरल पदार्थ, ज्वलनशील पदार्थ और धूम्रपान से संबंधित सामग्री नहीं ले जाई जा सकेगी। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।