वाराणसी। कानपुर में निकाय चुनाव की समीक्षा बैठक बीच में छोड़कर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर देर रात काशी पहुंचे। यहां छावनी क्षेत्र के एक होटल में उन्होंने निकाय चुनाव संचालन समिति के पदाधिकारियों के साथ महापौर के अलावा निगम के 90 वार्डों में पार्टी उम्मीदवारों की स्थितियों का फीडबैक लिया। पीएम के संसदीय क्षेत्र में निकाय चुनाव भाजपा की प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी ने पार्टी नेताओं को साफ कर दिया कि महापौर सीट जीतने के साथ ही वार्डों में अधिक से अधिक पार्षद उम्मीदवार भी जिताने होंगे, ताकि पार्टी विकास से जुड़े अपने एजेंडे को आसानी से लागू करवा सके। निगम के कई वार्डों में भाजपा उम्मीदवारों को सपा-कांग्रेस से कड़ी टक्कर मिल रही है। इस वजह से पार्टी रणनीतिकार चिंतन में लगे हुए हैं।
प्रदेश प्रभारी ने चुनाव संचालन समिति की बैठक में नेताओं को जीत का मंत्र दिया और कहा कि मेयर प्रत्याशी के संग संग हमारे पार्षद प्रत्याशी भी अधिक से अधिक जीत कर आएं इसकी भी चिंता की जानी चाहिए। केंद्र और प्रदेश में सरकार बनने के बाद नगर निगम चुनाव में भी अपनी मजबूत भागीदारी साबित करनी होगी। उन्होंने कहा कि बूथों पर केंद्रित होकर काम करें और यह भी सुनिश्चित कर लिया जाए कि मतदाता चुनाव के दिन अधिक से अधिक निकलें। इस बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, निकाय चुनाव के प्रभारी संतोष सिंह, विधि न्याय, सूचना, खेल राज्य मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक रवींद्र जायसवाल, संगठन महामंत्री रत्नाकर, संयोजक धर्मेंद्र सिंह, प्रेम कपूर, एमएलसी केदारनाथ सिंह, मनीष कपूर, पूर्व विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव, निवर्तमान मेयर रामगोपाल मोहले, सुधीर मिश्रा, टीएस जोशी, निर्मला सिंह पटेल, शोभनाथ विश्वकर्मा, मीना चौबे, डॉ अशोक राय, चंद्र शेखर उपाध्याय समेत तमाम नेता उपस्थित थे।