वाराणसी। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने शनिवार को यहां भाजपा पर दबाव की राजनीति का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा दूसरे दलों के नेताओं को डरा धमका और दबाव डालकर अपने दल में शामिल करा रही है। इसके लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। वाराणसी की जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर भले ही सपा छोड़कर भाजपा में चली गईं लेकिन उनका मन सपा में ही है। सपा से जितने नेता भाजपा में गए हैं, सब पछता रहे हैं।
नरेश उत्तम शनिवार को छावनी क्षेत्र स्थित होटल उमा पैलेस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यशवंत सिंह, जयवीर सिंह, बुक्कल नवाब समेत नेताओं की सदस्यता भी चली गई और उन्हें कुछ हासिल भी नहीं हुआ। दावा किया कि ये सारे नेता अब सपा में शामिल होना चाहते हैं। निकाय चुनाव में सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि छह महीने के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। लोगों का भरोसा सरकार से उठ चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को उप चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता परखनी चाहिए थी।
काशी के बारे में कहा कि ये शहर पिछले 22 सालों से दुर्दशा झेल रहा है। यहां मेयर और शहर के विधायक भाजपा से ही हुए लेकिन किसी ने कोई काम नहीं किया। अब यहां के सांसद देश के पीएम हैं। विकास कार्यों में तेजी आनी चाहिए थी लेकिन यहां बिजली, पानी, सड़क जैसी समस्याएं भी जस की तस हैं। निकाय चुनाव में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन न होने के सवाल पर कहा कि यह छोटे स्तर पर होने वाला चुनाव है। गुजरात चुनाव में राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक साथ प्रचार करेंगे। कहा वह 14 जिले और पांच नगर निगमों का दौरा कर चुके हैं। निकाय चुनाव में सपा की रिकार्ड जीत होगी। इस दौरान वाराणसी से सपा की मेयर प्रत्याशी साधना गुप्ता भी मौजूद रहीं।
वहीं, नरेश उत्तम की प्रेस कांफ्रेंस में बुनकर व्यापारी नेता अब्दुल्लाह अंसारी, हाजी जलीस अहमद, हाजी नुरुल हसन अंसारी समेत कुछ अन्य बुनकर नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही मेयर प्रत्याशी साधना गुप्ता को समर्थन देने का एलान किया। इस दौरान चंदौली के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव, महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, केपी यादव, मनोज राय धूपचंडी, अखिलेश मिश्रा, आनंद मोहन यादव, जितेंद्र यादव, हरीश बग्गड़, कन्हैयालाल गुप्ता आदि मौजूद थे।