चौबेपुर/मिर्जामुराद। बुधवार को दो अलग-अलग जगहों पर करेंट की चपेट में आकर फेरीवाले और बुनकर की मौत हो गई। इस दौरान एक महिला भी करेंट से झुलस गई।
चौबेपुर क्षेत्र के मुनारी नटवा बाबा मंदिर के पास से गुजरी 11 हजार वोल्ट लाइन का तार बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे टूट कर गिर गया। इससे हरिशंकर गुप्ता उर्फ मैनेजर (30) निवासी कैथिया थाना मोहनिया जिला कैमूर भभुआ बिहार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा करा पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हरिशंकर गुप्ता चौबेपुर के विंध्यवासिनी के घर में किराये पर रहता था। वह साइकिल पर कपड़ा रखकर फेरी लगाता था। इसी से वह अपने परिवार की आजीविका चला रहा था। बुधवार को वह फेरी लगा रहा था। इसी दौरान नटवा बाबा मंदिर के पास गिरे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। वह अपने पीछे एक लड़का लालू (6) तथा लवली (3) को छोड़ गया।
मिर्जामुराद क्षेत्र के मुबारकपुर, इस्लामपुर में गांव के कुछ लोग बिजली के खंभे से केबल खींचे हैं। बुधवार की दोपहर में बारिश के दौरान केबिल पड़ोसी की दुकान पर लगे टीन शेड पर गिर गया। यह देखकर हैदर अली (50) टीन शेड में लगे एंगल को पकड़कर दुकान पर चढ़ाने का प्रयास कर रहा था कि करेंट की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। पड़ोस की महिला हाजरा बेगम (60) पत्नी अशरफ उसे बचाने के लिए दौड़ी तो वह भी करेंट से झुलस गई। गांव के मुबारक अली और मिठाई विश्वकर्मा ने गमछे से महिला को करंट से छुड़ाया और पास स्थित हास्पिटल में ले गए। बुनकर अपने पीछे पांच बच्चों (दो बेटा तीन बेटियां) को छोड़ गया।