वाराणसी। सर्किट हाउस में सोमवार को केंद्रीय मंत्री ने चंदौली संसदीय क्षेत्र के शिवपुर और अजगरा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र की सड़कों की सूची 17 जून तक उपलब्ध कराने को कहा। नई और पुरानी सड़कों का डीपीआर तैयार कराने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी और आरईएस के अभियंताओं को सड़कों की मरम्मत का काम तेज करने को कहा।
जल निगम 10 ओवर हेड टैंकों से जलापूर्ति और पीडब्ल्यूडी 47 सड़कों का कार्य प्रस्ताव तैयार करेगा। अजगरा और शिवपुर में नहरों की मरम्मत और उन पर आवश्यकतानुसार पुलिया निर्माण कराने को कहा। सिंचाई विभाग के अभियंताओं को जौनपुर में बैठने की जानकारी पर डीएम को निर्देश दिया कि संबंधित अभियंता वाराणसी में बैठकर काम करें।
पुआरीकला में नगर के क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत करने को कहा। बड़ी ग्राम सभाओं में सीवर और जलनिकासी की समस्या समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के लिए निर्देश दिया। झाझूपुर माइनर के विस्तार के लिए सर्वे करने और रिपोर्ट देने को कहा। जल निगम की ओर से निर्माणाधीन योजनाओं के बचे कार्यों को 10 दिन में पूरा कराने को कहा। मनरेगा के ग्रामवार कार्य का विवरण प्रस्तुत करने को कहा। सोलर लाइट खरीदने के दौरान पारदर्शिता बरतने को कहा। बैठक में अजगरा विधायक कैलाश सोनकर, डीएम योगेश्वर राम मिश्र, सीडीओ सुनील कुमार वर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।