वाराणसी। लंका क्षेत्र में पानी की किल्लत से नाराज लोग बुधवार को सड़क पर आ गए। लोगों ने बाल्टी सहित अन्य बर्तन लेकर प्रदर्शन किया और जलकल विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लंका क्षेत्र के भोगावीर, संकटमोचन, साकेतनगर, नरियां, रोहितनगर, गांधीनगर, राजभर बस्ती, न्यू साकेत नगर, विश्वकर्मा बस्ती के लोग कम और दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। बुधवार को पानी नहीं आया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सपा पार्षद दल नेता कमल पटेल व पूर्व पार्षद वरुण सिंह के नेतृत्व में लोगों ने दोपहर में जमकर प्रदर्शन किया। कमल पटेल ने कहा कि लगातार दूषित जलापूर्ति की शिकायत की जा रही है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने कहा कि पूरा सिस्टम ही गड़बड़ है, तभी एक शिकायत दूर करने में हफ्तों लग जाते हैं। इस दौरान शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष संजय प्रियदर्शी, युवजन सभा प्रदेश सचिव सत्यप्रकाश सोनू, पूर्व पार्षद उमेश यादव, संजय यादव, आलोक गुप्ता, सूरज गोंड, संजय यादव, अनीस आदि मौजूद रहे।
चौथे दिन मात्र दो घंटे मिला पानी
रथयात्रा-महमूरगंज रोड पर खोदाई के दौरान मेन लाइन क्षतिग्रस्त होने से सिद्धगिरी बाग, सोनिया, बिरदोपुर, महमूगंज, रथयात्रा में तीन दिन पहले पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई थी। मंगलवार देर रात समस्या दूर हुई और बुधवार को आपूर्ति शुरू की गई। लेकिन लोगों का आरोप है कि मात्र दो घंटे ही पेयजल आपूर्ति की गई, जिससे पानी नहीं मिल पाया। वहीं, जलकल विभाग का दावा है कि एक दो दिन में समस्या दूर कर दी जाएगी।