वाराणसी। कैंट थाना अंतर्गत लमही में रिंग रोड पुलिया के नीचे रविवार को सिटी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में से दस लोगों को चोट आई जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे के बाद बस और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की सिटी बस कैंट रोडवेज से जौनपुर के केराकत जा रही थी। बताया जाता है कि रिंग रोड पुलिया के नीचे सामने से आए ट्रक ने बस के बाएं तरफ जोरदार टक्कर मारी तो मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर 108 नंबर एंबुलेंस से घायलों को दीनदयाल अस्पताल लाया गया। घायलों में जौनपुर जिले के केराकत के नौमरिया निवासी अमरनाथ यादव (40), बलरामपुर के रामप्रवेश सिंह (73), चंदवक की कलावती देवी (65), केराकत के अमन कुमार सिंह (22), चंदवक की बिजली देवी (70), मंडुवाडीह के अनिल कुमार सिंह और आजमगढ़ के संभवपुर का रवि (30) शामिल हैं जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई। रवि की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।