जंगीगंज। डीजल और पेट्रोल के बढ़े दामों ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। हर रोज बढ़ रहे दाम के कारण ऑटो चालकों ने किराए में डेढ़ से दो गुना तक वृद्धि कर दी है। इसको लेकर यात्रियों और चालकों में नोकझोंक हो रही है। रविवार को जंगीगंज के धनतुलसी तिराहे पर इसकी एक बानगी देखने का मिली। यात्रियों और चालक के बीच करीब 20 मिनट तक किराये को लेकर तू-तू मै-मै होती।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने और घटने का हवाला देते हुए तेल कंपनियां लगातार डीजल और पेट्रोल का दाम बढ़ाती जा रही हैं। पिछले 10 दिनों में करीब तीन से चार रुपये लीटर तक दाम बढ़ चुके हैं। ऑटो संचालकों ने भी महंगे डीजल का हवाला देते हुए यात्री किराए में वृद्धि कर दी। गोपीगंज से जंगीगंज और हंडिया तक रोज आने-जाने वाले यात्रियों और ऑटो चालकों में किराए को लेकर किचकिच हो रही है। यही नहीं, गोपीगंज से हंड़िया और बरौत जाने वाले यात्रियों से पूरा किराया लेकर जंगीगंज या बड़ागांव मोड़ पर ही छोड़ दे रहे हैं। ऐसे में यात्री को कड़ी धूप में करीब एक किमी तक का पैदल ही जाना पड़ता है।