वाराणसी। प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्रदेव सिंह ने शुक्रवार की दोपहर कैंट रोडवेज परिसर का निरीक्षण किया। हर बार की तरह बसों में साफ.सफाई कराने का निर्देश दिए तो वहीं परिसर में बसों के बेढंगे तरीके से खड़ा करने पर रोष जताया। औचक निरीक्षण से परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
राज्य मंत्री काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से वाराणसी पहुंचे और फिर सर्किट हाउस चले गए। इस बीच लगभग डेढ़ बजे वह कैंट रोडवेज परिसर पहुंचे। रोडवेज परिसर में मंत्री को देख अधिकारी भौचक रह गए। मंत्री ने आरएम केके शर्मा से बसों के अस्त-व्यस्त तरीके से खड़े होने का कारण पूछा। इस पर आरएम ने बताया कि परिसर में महानगर बसें भी खड़ी होती हैं। इस कारण डिपो में जगह कम है। सामने जाम लगे होने के कारण ये दिक्कत है। मंत्री ने बसों को समय से रवाना करने का निर्देश दिया। रोडवेज के चालकों और परिचालकों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं।
आजमगढ़ की एक बस में चढ़कर सफाई व्यवस्था देखी। बस के भीतर सफाई न होने पर नाराजगी जाहिर की। इस पर आरएम ने आगे से व्यवस्था करने की बात कही।
जनरथ बसों में चढ़कर मंत्री ने यात्रियों से पूछा कि क्या उन्हें पानी की बोतलें दी जाती हैं। एक-दो यात्रियों ने न मिलने की शिकायत की तो कई ने बताया कि पानी दिया जाता है। इस पर मंत्री ने आरएम से कहा कि वे जनरथ की बसें जब चलकर दो-तीन किमी आगे निकल जाए तो चेकिंग करें कि पानी दिया जा रहा है कि नहीं। मंत्री ने जनरथ के खराब पंखों को ठीक करने और पर्दों की समय से सफाई का भी निर्देश दिया।
अधिकारियों से पूछी प्रगति रिपोर्ट
कचहरी स्थित सर्किट हाउस में सुबह आरटीओ और परिवहन विभाग के अधिकारियों की मंत्री ने बैठक ली। उनसे राजस्व समेत अन्य योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की जानी। ओवरलोडिंग पर की गई कार्रवाई के संदर्भ में जानकारी ली।