वाराणसी। हेलमेट न पहनना यातयात नियमों का उल्लंघन है, लेकिन वाराणसी पुलिस इसे कोई उल्लंघन नहीं मानती है। यह हम नहीं बल्कि शहर में यातायात पुलिस और थानों की ओर से सोमवार को की गई कार्र्रवाई के आंकड़े बता रहे हैं। बता दें कि पुलिस ने सोमवार को यातयात के नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पूरे शहर में अभियान चलाया। इसमें मोबाइल पर बात करने वाले 125 का चालान किया गया, जबकि तीन सवारी चलने के आरोप में 230 लोगों के चालान काटे गए। निर्धारित गति सीमा से तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले भी 211 लोग रहे। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने एक लाख तेरह हजार छह सौ रुपए का जुर्माना वसूला गया, लेकिन जब दस्तावेजों को देखा गया तो उसमें बगैर हेलमेट के मद में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
सिगरा चौराहा स्थित पिकेट के समीप सोमवार को बगैर हेलमेट के जा रहे बाइक सवार मंडुवाडीह निवासी अभिमन्यु को पुलिस ने रोका। अभिमन्यु के रुकते ही पुलिसकर्मियों ने उससे हेलमेट न पहनने के बारेे में पूछेे बगैर बाइक के कागजात दिखाने को कहा। कुछ इस तरह ही सोमवार को जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस के अभियान की शुरुआत की गई।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि जिले भर में वाहन चलाने के दौरान मोबाइल पर बात करने वाले 125,तीन सवारी में 230, तेज रफ्तार में 211 का चालान किया गया। इससे एक लाख तेरह हजार छह सौ रुपए का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी तक यह अभियान जिले भर में जारी रहेगा। इसके अलावा यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए स्कूलों और कॉलेजों में ट्रैफिक पुलिस की ओर से कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
जाम से जूझे लोग, लगी वाहनों की कतार
वाराणसी। शहर के अलग-अलग इलाकों में सोमवार की सुबह से देर शाम तक राहगीरों को भीषण जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। इस दौरान चौराहों पर मौजूद पुलिसकर्मी यातायात प्रबंधन में नाकाम नजर आए। जाम के चलते एंबुलेंस के मरीजों, स्कूली वाहनों में सवार बच्चों के साथ ही बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण जाम के बावजूद सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई।
गौदालिया से मैदागिन के बीच सुबह से देर रात तक रुक-रुक कर जाम लगने का सिलसिला जारी रहा। इसके अलावा लंका चौराहा, भिखारीपुर तिराहा, मंडुवाडीह चौराहा, कमच्छा, रथयात्रा, सिगरा, फातमान, लहुराबीर से मैदागिन मार्ग, नई सड़क, लहरतारा स्थित कैंसर अस्पताल से कैंट होते हुए अंधरापुल चौराहा, अर्दली बाजार और पांडेयपुर चौराहा सहित शहर के अन्य इलाकों में जाम के चलते आमजन की फजीहत हुई।