वाराणसी। चेतगंज थाना अंतर्गत मलदहिया लोेहामंडी स्थित इलाहाबाद बैंक का विंडो एसी उखाड़ कर शनिवार की रात घुसे चोरों ने स्ट्रांग रूम के दरवाजे को तोड़ना चाहा लेकिन सफल नहीं हुए। चोरी का सबूत मिटाने के लिए चोर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) उखाड़ ले गए। रविवार की सुबह बैंक प्रबंधन से सूचना पाकर चेतगंज पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
इलाहाबाद बैंक की मलदहिया लोहामंडी शाखा में रविवार को ब्रांच मैनेजरों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित थी। मैनेजर प्रकाश वर्मा ने बताया कि इसके मद्देनजर वो और चतुर्थ श्रेणी कर्मी धरम नौ बजे के लगभग बैंक पहुंचे और बाहर लगे तालों को खोलकर अंदर घुसे। अंदर घुसने पर पता लगा कि दाएं तरफ का विंडो एसी जमीन पर गिरा पड़ा है। इसके साथ ही, ड्रिल मशीन से स्ट्रांग रूम का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की गई थी। यही नहीं, स्ट्रांग रूम की दीवार को ड्रिल मशीन से छेद करने की कोशिश की गई लेकिन चोर सफल नहीं हुए। सभी कैश काउंटर के कागजात भी तितर-बितर थे लेकिन चोर कुछ नहीं ले जा सके। सूचना पाकर मौके पर सीओ चेतगंज सत्येंद्र तिवारी ने कहा कि बैंक से कुछ भी चोरी नहीं हुआ है। एक टीम लगाई गई है, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की तस्दीक कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।