वाराणसी। यातायात को सुव्यवस्थित बनाने के लिए लंका-रवींद्रपुरी मार्ग पर ऑटो चालकों को बैंक ऑफ बड़ौदा बैंक से आगे जाने पर शनिवार को प्रतिबंध लगा दिया गया। इसको लेकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ। ऑटो चालकों ने सड़क पर ऑटो लगाकर जाम कर दिया। बाद में समझाने-बुझाने व थोड़ी सख्ती के बाद माहौल सामान्य हुआ।
मालवीय चौराहा, रविदास चौराहा और ट्रामा सेंटर को ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा मुक्त जोन बनाने के लिए नए यातायात निमय लागू हुए। सुंदरपुर की ओर से आने वाले ऑटो नरिया से संचालित होंगे। वहीं कैंट वाली ऑटो बैंक ऑफ बड़ौदा से चलाई जाएंगी। इसी को लेकर एसपी ट्रैफिक और एसओ लंका ने शनिवार की दोपहर अभियान चलाया। ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को खदेड़ा गया। कुछ देर बाद ऑटो चालकों ने रविदास गेट के समीप बैंक ऑफ बड़ौदा के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मार्ग पर आने जाने वाले लोगों से ऑटो चालकों की तू-तू मैं मैं भी हुई। देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। बाद में पहुंची पुलिस के समझाने, बुझाने और थोड़ी सख्ती के बाद मामला शांत हुआ।