वाराणसी। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन शनिवार को सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। अन्याय, अत्याचार, फिरकापरस्ती व जुमलेबाज़ी का दौर चल रहा है। विकास से इसका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जनता को हनुमान जी की जाति नहीं, अपने विकास कार्य को बताएं।
पूर्व स्वास्थ्य व बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन ने कहा कि गठबंधन से पहले सपा का जनबंधन हो गया है। अखिलेश सरकार के विकास कार्य को जनता अब महसूस कर रही है। देश मे कोई भी सरकार बिना समाजवादियों के समर्थन के नहीं बन पाएगी। उन्होंने कहा, आगामी चुनाव को लेकर सपा पूरी तरह तैयार है और इसके लिए बूथ स्तर पर कार्ययोजना बनाई जा रही है। सपा में हो रहे बिखराव पर बोले, समाजवादी एकजुट हैं। कुछ लोगों से मनभेद हो सकता है, मगर हमारी लड़ाई विचारधारा की है। इसके लिए हम एक विचारधारा वालों को एक साथ जोड़ने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव, महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, प्रदेश प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।