सुरियावां। क्षेत्र के मनापुर गांव में सोमवार की शाम पांच बजे आग लगने से तीन वनवासियों का रिहायशी मड़हा जलकर राख हो गया। मड़हे में रखा गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार बच्चे मड़हे के पीछे खेल रहे थे। इसी बीच किसी बच्चे ने वहां कूड़े में आग लगा दी। कूड़े से निकली चिंगारी से एक मड़हे मे आग लग गई। इस दौरान आग की लपटों ने वहां मौजूद दो और मड़हों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे गांव में हड़कंप मच गया। जब तक लोग आग बुझाने पहुंचते, तब तक मड़हे जल गए। घर की महिलाएं और पुरुष काम पर गए थे। बिंदु वनवासी का तीन हजार रुपया नगद, कपड़ा अनाज, सिंगारे बनवासी का कपड़ा अनाज, साइकिल, चांदी का गहना, कुछ रुपया और नेता बनवासी की साइकिल, कपड़ा, अनाज, चारपाई, दाल, चावल आदि सामन जल गया। अब गरीब परिवार के पास एक दाना अनाज भी नही है, न तो कपड़ा, खुले आसमान में नीचे आ गए हैं।
इसी तरह कोइरौना थाना क्षेत्र के मझगवां गांव निवासी प्रेमशंकर यादव की गेहूं की खड़ी फसल में शॉर्ट शर्किट से आग लग जाने से पंद्रह बिस्वा की फसल जल कर राख हो गई। ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर किसी तरह आग बुझाई। इसी तरह औराई और महाराजगंज के बीच मेघीपुर समीप वाराणसी-इलाहाबाद हाईवे से सटी गेहूं की फसल में हाईटेंशन तार की चिंगारी से आग लग गई। इसमें तकरीबन पांच विस्वा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया।