वाराणसी। प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को रवींद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई की। फरियादियों की शिकायतों को संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेजा गया। खालिसपुर कोनिया के तटवासी ने पार्षद शिव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में शिकायती पत्र दिया। कहा कि वरुणा किनारे चल रहे कॉरिडोर के निर्माण पर फसलों को काटकर सिंचाई विभाग मिटटी डलवा रहा है। इस पर मंत्री ने सिंचाई विभाग और यूपीपीसीएल के अधिकारियों को फोन कर मौके पर जाकर निस्तारण करने को कहा।
मंत्री से विनायका के राजमणि मिश्र ने सीवर की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। फुलपुर की सुशीला देवी ने जमीन पर ग्राम प्रधान की ओर से कब्जा करने की शिकायत की। बलिया में तैनात महिला पुलिस अनीता श्रीवास्तव ने चार माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की। रामापुरा के रमेश चंद्र ने घरों में सीवर के पानी घुसने की शिकायत की। नेवादा फुलपुर के भग्गू गुप्ता ने जमीन पर पट्टीदारों की ओर से कब्जा करने की शिकायत की। मुगलसराय के पीयूष तिवारी ने एसडीएम पर जमीन नापी का आदेश नहीं करने की शिकायत की। टिकरी के ग्राम प्रधान सुशील कुमार सिंह ने गांव की जमीन को चकबंदी अधिकारियों और भू माफियाओं से मुक्त कराने की गुहार लगाई।