राजातालाब। गंगापुर नगर पंचायत के चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार दिलीप सेठ के सिर दूसरी बार जीत का सेहरा बंधा। दिलीप सेठ ने समाजवादी पार्टी के निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव को 293 मतों के अंतर से पराजित किया। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हरेराम कसौधन गंगापुर में तीसरे स्थान पर रहे।
हरेराम को 975 वोट मिले जबकि सपा के विजय बहादुर यादव को 1569 मत प्राप्त हुए। जीत हासिल करने वाले दिलीप सेठ को कुल 1862 मत प्राप्त हुए। दो मत नोटा को गए जबकि 225 मत अवैध होने के चलते निरस्त हो गए। पांच चक्र की मतगणना में दिलीप को विजयी घोषित कर दिया गया। गंगापुर नगर पंचायत की मतगणना राजातालाब तहसील पर हुई। मतगणना स्थल पर सभी दलों के चुनिंदा समर्थकों के होने की वजह से कोई शोर-शराबा नहीं दिखा। बाद में अपने-अपने क्षेत्रों में जाने के बाद विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों पर जमकर ठुमके लगाए, खूब मिठाइयां बंटीं। मतगणना के चलते राजातालाब से गंगापुर को जाने वाली सड़क से आवाजाही रोक दी गई थी। इसके चलते आने-जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ी।