वाराणसी। स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल बनपुरवा का प्रांगण बुधवार को आदिकाल की नृत्य कला से लेकर लोकनृत्य की सतरंगी छटा से सजा था। मौका था बनपुरवा और गढ़वाघाट शाखा के वार्षिकोत्सव ‘नृत्याभिषेकम्’ का। देव स्तुति से कार्यक्रम की जो शुरुआत हुई तो कथक, मोहिनीअट्टम, भरतनाट्यम जैसे शास्त्रीय और उपशास्त्रीय नृत्य कलाओं से विद्यार्थियों ने बखूबी परिचित कराया।
इस दौरान मराठी, राजस्थानी, मणिपुरी नृत्य की शृंखला भी दर्शकों को विभोर कर गई। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं किड्स डांस ने खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीआरपीएफ 95 बटालियन के कमांडेंट यूपी सिंह व विद्यालय के प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानंद ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। ‘नृत्याभिषेकम्’ का निर्देशन आशा यादव, अर्चना मोहले, रितु सिंह, शुभाषिनी श्रीवास्तव, मंजू लता, फूल कुमारी, नम्रता सिंह, मंजरी पांडेय व तृप्ति शुक्ला ने किया। स्वागत गढ़वाघाट शाखा के प्रधानाचार्य डॉ. एके चौबे व वार्षिक रिपोर्ट बनपुरवा के प्रधानाचार्य सीएस सिंह ने प्रस्तुत की। संचालन रत्ना सिंह, मधुप्रिया व अक्षिता ने किया। धन्यवाद ज्ञापन उप प्रधानाचार्य आरके यादव ने किया।