वाराणसी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बुलेट प्रूफ सफारी बुधवार शाम छह बजे बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल परिसर में जहां रुकी, उसके समीप पानी की बोतलों के तीन-चार खाली कार्टन पड़े थे। शाह ने इस पर खासी नाराजगी जताई। उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं को कार्टन डस्टबिन में डालने को कहा। हालांकि भाजपा अध्यक्ष के आगे बढ़ते ही कार्यकर्ता उनकी नसीहतों को दरकिनार कर उनके पीछे हो लिए और कार्टन जहां के तहां पड़े रहे। सुरक्षाकर्मी एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। बाद में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात एनएसजी के एक कमांडो ने कार्टनों को किनारे किया।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी मेें जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त भाजपा अध्यक्ष की नाराजगी देख अफसरों और पार्टी कार्यकर्ताओं मेें हड़कंप की स्थिति रहीं। घटना को सुरक्षा मेें चूक से जोड़ कर भी देखा जा रहा है और जानकारों का कहना है कि जिम्मेदार लोग कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष की नाराजगी संकुल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय रही।