वाराणसी। आईपीएल की तर्ज पर हैंडबॉल एशियन क्लब लीग चैंपियनशिप का आयोजन भारत में पहली बार किया जा रहा है। 20 नवंबर से हैदराबाद में शुरू हो रही चैंपियनशिप में भारत समेत नौ एशियाई देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। यह जानकारी साउथ एशिया हैंडबाल फेडरेशन के सचिव आनंदेश्वर पांडेय ने शुक्रवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को एशियन क्लब लीग चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। चैंपियन टीमें ग्लोबल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करेंगी। इस लीग में हर टीम चार विदेशी खिलाड़ियों को शामिल कर सकती है। इसका सजीव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल हैंडबाल फे डरेशन हैंडबाल को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इसके तहत भारत और चीन को चयनित किया गया है। फेडरेशन की ओर से ट्रेनिंग, कोचिंग कैंप और स्कूलों में हैंडबाल को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हैंडबाल फेडरेशन देश में खिलाड़ियों और कोचिंग की तकनीकी क्षमता के विकास पर काम करेगा।