वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी पदाधिकारियों को हिदायत दी कि निकाय चुनाव में बड़े अंतर से भाजपा की जीत के लिए जरूरी है कि छोटे-बड़े सभी नेता मतदाताओं के घर-घर जाएं, जनसंपर्क बढ़ाएं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गाजीपुर से दिल्ली जाते समय आधे घंटे के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पर ठहरे। यहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद रवाना हो गए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाकी पार्टियों ने घोषणापत्र दिया है। हम लोगों ने संकल्पपत्र दिया है। निकाय चुनाव में जीत हुई तो संकल्प पूरे करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने चुनाव की तैयारियों में आने वाली दिक्कतों और विपक्षियों की रणनीति के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा लखनऊ में बिल गेट्स से मुलाकात के बारे में बताया।
सीएम ने कहा कि इजराइल से सिंचाई से जुड़ी तकनीक आने वाली है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनारस के आस-पास से होकर गुजरने वाला है। जनवरी में यूपी समिट होगा। चर्चा के दौरान उन्होंने प्रदेश में बालू के रेट कम करने के मसले पर भी विचार का आश्वासन दिया। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक रवींद्र जायसवाल, डॉ. अवधेश सिंह, सुरेंद्र नारायण सिंह, अशोक चौरसिया, मनीष कपूर, नवीन कपूर, विद्यासागर राय आदि शामिल रहे।