वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलसचिव और कर्मचारी नेताओं के बीच हुई नोंकझोंक के बाद दर्ज मुकदमे की जांच कर रहे जांच अधिकारी ने गुरुवार को कुलसचिव कार्यालय में कर्मचारियों का बयान दर्ज किया। इस दौरान एक जून को कुलसचिव कार्यालय के बाद कुलपति कार्यालय में हुए नोंकझोंक की सीडी भी मांगी, जिसे दे दिया गया।
देवरिया के एक कॉलेज के अनुमोदन से जुड़ी जांच की फाइल की जांच को लेकर हुए नोंकझोंक मामले में कुलसचिव ने कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुशील तिवारी समेत तीन लोगों पर धमकी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब इसकी जांच कर रहे चेतगंज थाने से नियुक्त जांच अधिकारी ने विश्वविद्यालय पहुंचकर जांच की। इसके पहले बुधवार को जांच अधिकारी ने संबद्धता विभाग के कर्मचारियों को गुरुवार को थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। कर्मचारी थाने में जाने से इंकार करते हुए कुलपति आवास पर बयान देने पर राजी हुए। कुलसचिव प्रभाष द्विवेदी ने बताया कि घटना से जुड़ी सीडी जांच अधिकारी को दे दी गई है।
कुलपति प्रो. यदुनाथ प्रसाद दुबे का कहना है कि विवि में किसी भी मामले में पुलिस को कोई कार्रवाई करने से पहले कुलपति को इसकी जानकारी देनी जरूरी है। कर्मचारियों को थाने बुलाकर बयान दर्ज करने के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई, यह गलत है।