वाराणसी। हिंदी प्रचारक संस्थान के निदेशक विजय प्रकाश बेरी (78) का रविवार की देर शाम निधन हो गया। शहर के निजी चिकित्सालय में उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी पुष्पा देवी और उनके पुत्र विवेक बेरी हैं। निधन की सूचना मिलते ही उनके पिशाचमोचन आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। उनकी अंतिम यात्रा सोमवार की सुबह पिशाचमोचन आवास से निकलेगी।
हिंदी प्रचारक संस्थान देश की 114 साल पुरानी प्रमुख प्रकाशन संस्था है जो वर्तमान में पिशाचमोचन में स्थित है। प्रचारक ग्रंथावली परियोजना के तहत इस संस्था ने लागत से भी कम मूल्य पर हिंदी में कई मूल्यवान साहित्यिक पुस्तकें प्रकाशित कीं। इसमें शरत समग्र, भारतेंद्र समग्र, वृंदावन लाल समग्र, कबीर समग्र, प्रताप चंद्र समग्र, जैसी पुस्तकें शामिल हैं। विजय प्रकाश बेरी ने पिता कृष्णचंद्र बेरी के 2002 में निधन के बाद संस्था की जिम्मेदारी संभाली थी। वह भारतीय हिंदी प्रकाशक संघ से भी जुड़े हुए थे।