वाराणसी। लंका थाना अंतर्गत सुंदरपुर क्षेत्र के कर्माजीतपुर स्थित महतवाना बस्ती में रहने वाले डिग्री कॉलेज के सहायक प्रवक्ता अमूल्य कुमार की पत्नी शिक्षिका मिथिलेश वर्मा के गले से सोने की चेन छीन कर बदमाश भाग निकले। सूचना पाकर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई।
अमूल्य कुमार सोनभद्र में राजकीय डिग्री कॉलेज में सहायक प्रवक्ता हैं और उनकी पत्नी सेवापुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। शनिवार की रात शिक्षक दंपति बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर से दर्शन-पूजन कर ऑटो से घर आए। कर्माजीतपुर मार्ग पर ऑटो से उतर कर दोनों घर के लिए पैदल ही बढ़े थे इसी दौरान पीछे से आए पल्सर सवार दो बदमाश मिथिलेश के गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन छीन लिए। दंपति शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे भागे लेकिन दोनों तेजी से भाग निकले। मिथिलेश ने बताया कि बदमाशों द्वारा छीनी गई सोने की चेन का वजन 12 ग्राम था।