वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में रविवार से दाखिले की जंग शुरू हो रही है। स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अखिल भारतीय स्तर पर पहले दिन वाराणसी समेत 12 शहरों में प्रवेश परीक्षा होगी। पहले दिन बीए आनर्स आर्ट्स, बीए आनर्स सोशल साइंस, बीपीए और बीपीएड की प्रवेश परीक्षा होगी जिसमें देश भर में 64,062 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रवेश परीक्षा के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों के दल भेजे जा रहे हैं।
प्रवेश परीक्षाएं तीन पाली में होगी। प्रथम पाली में सुबह आठ से दस बजे के बीच बीए ऑनर्स आर्ट्स की प्रवेश परीक्षा होगी जिसमें कुल 33,807 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अकेले वाराणसी में 29 केंद्रों पर 17,980 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दूसरी पाली में दोपहर बारह से दो बजे के बीच बीपीए व बीपीएड की प्रवेश परीक्षा में वाराणसी में 1428 व देश भर में 2370 अभ्यर्थी होंगे। तीसरी पाली में बीए आनर्स सोशल साइंस में 27,885 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इसमें अकेले वाराणसी में 16,673 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वाराणसी के अलावा दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, इलाहाबाद, गोरखपुर, झांसी, भोपाल, पटना, रांची, गुवाहाटी और जयपुर में बीएचयू की प्रवेश परीक्षाएं होनी हैं। अभ्यर्थियों और अभिभावकों की मदद के लिए मुख्य द्वार पर हेल्प डेस्क होगा। परिसर में जगह जगह केंद्रों के दिशा सूचक लगे होंगे। परिसर के अंदर अभ्यर्थियों को केंद्र पर पहुंचाने के लिए बसों की भी व्यवस्था रहेगी। सुरक्षाकर्मी व स्वयंसेवक भी उनके सहयोग के लिए जगह जगह होंगे।