ज्ञानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में शनिवार को सुबह उस समय माहौल गर्म हो गया, जब डांट से क्षुब्ध एक छात्र ने शिक्षिका के कार को पत्थर मारकर तोड़ दिया। शिक्षिका की शिकायत पर छात्र को पुलिस कोतवाली ले गई। विद्यालय कमेटी, एसपी और सीओ ने छात्र के अभिभावक को बुलाया और दो घंटे तक उसे समझाया। माफी मांगने के बाद छात्र को स्कूल भेज दिया गया।
नवोदय विद्यालय, ज्ञानपुर में सुबह इंटरमीडिएट के एक छात्र ने परिसर में खड़ी पीटी की शिक्षिका संगीता यादव के कार पर पथराव कर दिया। इससे कार का शीशा चकनाचूर हो गया और विद्यालय में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद ज्ञानपुर कोतवाली मौके पर पहुंची और छात्र को पकड़ कर थाने ले गई। कोतवाली में एसपी सचिंद्र पटेल, सीओ ज्ञानपुर रामकरन और विद्यालय के प्रिंसिपल बीएस यादव भी पहुंचे। शिक्षिका ने बताया कि छात्र को गलत हरकत करते देखा था, जिस पर उन्होंने उसको डांट दिया था। इसी से नाराज होकर उसने कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद छात्र के अभिभावकों को बुलाकर पुलिस ने काफी देर तक समझाया। अभिभावकों और छात्र ने माफी मांगी, तब उसे छोड़ा दिया गया। सीओ ज्ञानपुर रामकरन ने कहा कि छात्र के भविष्य की बात है। इसलिए उसे दोबारा किसी तरह की बदमाशी न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। मालूम हो कि दो महीने पहले भी विद्यालय में एक शिक्षक की बाइक जला दी गई थी।