भदोही। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार नगर के चौरी रोड पर अवैध रूप से चल रहे एक डायग्नोस्टिक सेंटर को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से धड़ल्ले से चल रहे फर्जी जांच केंद्रों के संचालकों में हड़कंप मच गया है।
बड़े पैमाने पर अवैध पैथालाजी केंद्रों के संचालन की शिकायतें मिलने पर पिछले दिनों जिलाधिकारी विशाख जी के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जांच अभियान चलाया था। इसमें अपोलो डायग्नास्टिक सेंटर की जांच में कई खामियां उजागर हुई थीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने कार्रवाई का निर्देश दिया। इस क्रम में दोपहर में एसडीएम सुनील कुमार यादव स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और पुलिस बल लेकर डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंच गए। टीम ने मशीनों को सील कर दिया। साथ ही केंद्र के मुख्य द्वार में ताला लगाकर उसे भी सील कर दिया। कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग से नामित प्रभात कुमार, पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक पांडेय, तहसीलदार रामजी भी शामिल थे। उधर कार्रवाई से मानकों को दरकिनार कर चल रहे एंसे केंद्रों में के संचालकों में खलबली मची गई है।