राजातालाब। नगर पंचायत गंगापुर के सभी 10 वार्डों के नाम महापुरुषों के नाम पर रखे गए हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर महाराज बलवंत सिंह समेत कई लोकप्रिय नेताओं के नाम पर नगर पंचायत के सभी वार्ड हैं।
वार्ड नंबर एक ‘गांधी नगर’ के नाम से जाना जाता है। जबकि वार्ड नंबर दो चंद्रशेखर आजाद के नाम पर ‘आजाद नगर’ है। वार्ड नंबर तीन ‘जवाहर नगर’ का नाम देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के नाम पर है तो वार्ड नंबर चार ‘पटेल नगर’ लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर। ऐसे ही वार्ड नंबर पांच गंगापुर से ही सटे गांव मोतीकोट के निवासी रहे प्रखर समाजवादी ‘लोकबंधु राजनारायण’ के नाम से जाना जाता है। वार्ड नंबर छह बीएचयू के संस्थापक महामना पं. मदन मोहन मालवीय के नाम पर ‘मालवीय नगर’ है।
इसी तरह वार्ड नंबर सात ‘बलवंत नगर’ गंगापुर में ही अपनी राजधानी बनाने वाले महाराज बलवंत सिंह के नाम पर है। वार्ड नंबर आठ ‘लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक’ के नाम से है जबकि वार्ड नंबर नौ मोतीलाल नेहरू के नाम से ‘मोतीलाल नगर’ के रूप में जाना जाता है। वार्ड नंबर 10 क्रांतिकामी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम से गठित हुआ है जिसे लोग ‘सुभाष नगर’ के नाम से जानते हैं ।