वाराणसी। जन्मदिन के बहाने प्रेमिका को घर बुलाया, इसके बाद प्रेमी ने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। एसएसपी के आदेश पर बुधवार को कैंट थाने में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
छोटा लालपुर क्षेत्र की युवती के अनुसार, सिगरा के सोनिया क्षेत्र के अमर नगर के संतोष यादव और वह एक-दूसरे से पांच छह महीने से प्रेम करते थे। संतोष ने शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया। इसी बीच उसने खुद का जन्मदिन बताते हुए उसे अपने घर बुलाया। आरोप है कि युवती को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। इसके बाद संतोष ने अपने दोस्त आशीष, सोनू और तुषार के साथ मिल कर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने इसकी शिकायत कैंट पुलिस से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर युवती ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।