चौबेपुर। सोनबरसां बाजार में मंगलवार की सुबह बिजली के खंभे से टकराने से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस के अनुसार छात्र ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और सिर में लगी गंभीर चोट उसकी मौत की वजह बनी।
चौबेपुर थाना अंतर्गत सिरिस्ती गांव निवासी उदित कन्नौजिया का बेटा अभिषेक उर्फ कल्लू (17) कच्चा बाबा इंटर कॉलेज जाल्हूपुर में इंटरमीडिएट का छात्र था। चार भाइयों में दूसरे नंबर का कल्लू अपने रिश्तेदार को बाइक से चौबेपुर पहुंचाने गया था। घर वापस लौटते समय सोनबरसा बाजार में कल्लू की बाइक अनियंत्रित हुई और वह सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से जा टकराया। सूचना मिलने पर परिजन कल्लू को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि कल्लू के बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है।