वाराणसी। पहड़िया मंडी में रखी ईवीएम की निगरानी के लिए बुधवार को भी सपा, बसपा और कांग्रेस के नेता डटे रहे। पार्टी हाईकमान से मिले निर्देश के बाद सपा जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव के नेतृत्व में सपा-बसपा गठबंधन के कार्यकर्ता लगातार वहां की जानकारी हाईकमान को दे रहे हैं। निगरानी के लिए पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की दो-दो घंटे की ड्यूटी लगाई गई है।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक मतों की गिनती नहीं शुरू होगी, तब तक हम लोग ईवीएम की निगरानी करेंगे। यहां किसी भी प्रकार की ढिलाई हम लोग नहीं बरतेंगे। यदि अनावश्यक गतिविधि होगी तो आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, सपा प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी, जियालाल राजभर, प्रदीप जायसवाल, लालन यादव, बसपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम, कांग्रेस नेता राघवेंद्र चौबे, मयंक चौबे आदि मौजूद रहे।
पहड़िया मंडी में गुुरुवार सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए पार्टियों के अभिकर्ताओं को जिला निर्वाचन कार्यालय से पास जारी किया गया है। सपा-बसपा गठबंधन के लिए 75 पास जारी किए गए हैं।
सपा जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव ने बताया कि हर विधानसभा के लिए 14 और एक आरओ टेबल लगाया गया है। वाराणसी की पांच विधानसभा के लिए कुल 75 टेबल हैं। प्रत्येक टेबल पर गठबंधन का एक एजेंट होगा। इस हिसाब से 75 पास मिल गए हैं। अभिकर्ताओं के लिए पानी और कूलर की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से कराई गई है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुरोध किया गया था। पदाधिकारी गुरुवार सुबह छह बजे पहड़िया मंडी पहुंच जाएंगे।