वाराणसी। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खिलाड़ियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शहर में कई स्थानों पर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। योग, हॉकी, फुटबाल, कुश्ती और रेस में खिलाड़ियों ने दम दिखाया। यूपी कॉलेज में साई ट्रेनिंग सेंटर की ओर से हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में साई ए टीम और बी टीम के बीच संघर्ष पूर्ण मुकाबला हुआ। साई ए ने साई बी को 3-2 से हराया।
साई के प्रशिक्षण केंद्र अखाड़ा गया सेठ, मेघू पहलवान अखाड़ा, अखाड़ा एसएन सिंह और निवेदिता बालिका इंटर कॉलेज में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बीएचयू स्थित साई ट्रेनिंग सेंटर में शाम को खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने केक काटा। डीरेका स्टेडियम में फुटबाल, हॉकी, क्रिकेट और वॉलीबाल के खिलाड़ियों ने ओलंपियन मेजर ध्यान चंद को श्रद्धासुमन अर्पित की। कोच विनोद कुमार कन्नौजिया के निर्देशन में खिलाड़ियों ने चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में यूपी कॉलेज में रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। बालक वर्ग में 20 वर्ष में संतोष पाल, 16 साल में विशाल शर्मा, महिला वर्ग में रेबी पाल और मास्टर्स वर्ग में सरबजीत यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि संत अतुलानंद के निदेशक राहुल सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि विजय बहादुर सिंह, स्वागत डॉ. विनय कुमार सिंह, धन्यवाद ज्ञापन पीपी सिंह और संचालन डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर एसके सिंह, नन्हे सिंह, दिनेश जायसवाल, राजेश दोहरी, नीलू मिश्रा, रमेश यादव, राम अवध यादव, विभोर भृगुवंशी, रवि प्रताप सिंह, अनुराग सिंह आदि मौजूद रहे। राजर्षि स्कूल आफ मैनेजमेंट एंड टेकभनोलाजी में योग प्रशिक्षण का आयोजन हुआ। संस्थान के निदेशक डॉ. धर्मबीर सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।