वाराणसी। डब्ल्यू एच स्मिथ मेमोरियल स्कूल सिगरा में मंगलवार को एक छात्र ने एक छात्रा पर एसिड फेंक दिया। गनीमत रही कि छात्रा पूरी तरह एसिड की चपेट में नहीं आई। उसके छींटे गले के पास आकर पड़े। छात्रा को पास के ही एक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस पूरे मामले में स्कूल प्रशासन की लापरवाही भी सामने आ रही है। पता चला कि विद्यालय में बुधवार को लगने वाली विज्ञान प्रदर्शनी के लिए डाइल्यूटेड एसिड की बोतल लाई गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज से घटनाक्रम की जांच की। हालांकि सिगरा थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रदर्शनी की तैयारियों में छात्रों के असावधानी के कारण एसिड की शीशी गिर गई थी। घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ है।
घटना के बारे में स्कूल की प्रिंसिपल अनीता डे का कहना है कि विद्यालय के द्वितीय तल पर वाटर कूलर के पास कक्षा सात बी के दो छात्र पानी पीने पहुंचे थे। आपस के खेल-खेल में एक छात्र ने दूसरे छात्र पर पानी फेंका तो दूसरे छात्र ने वहीं वाशरूम के पास पड़ी एसिड की बोतल में पानी भरकर उस पर फेंकने का प्रयास किया। बचने के लिए वो छात्र झुक गया और उसके कुछ छीटें पीछे खड़ी छात्रा के ऊपर पड़ गए। मामूली रूप से घायल छात्रा को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। उधर, चर्चा थी कि स्कूल में बुधवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन होना है। इसके लिए छात्र-छात्राएं मॉडल बना रहे थे। कक्षा सात के किसी छात्र ने ये एसिड लाया था। सिगरा पुलिस ने भी शुरुआती छानबीन के बाद इसकी पुष्टि की। थानाध्यक्ष गोपालजी गुप्ता ने बताया कि स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान एसिड की शीशी गिर गई थी। घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ है। किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत भी नहीं की गई है।