हरहुआ/वाराणसी। डुहिया गांव में रविवार को आयोजित भोला पहलवान स्मृति दंगल में पूर्वांचल की माटी के पहलवानों ने दमखम और दांवपेंच आजमाए। दस हजारी कुश्ती में नारायणपुर, जौनपुर के पहलवान निगम ने दिलीप गौराकला बनारस को चित कर बाजी मारी। वहीं, बनियापुर के शिवपूजन ने गया सेठ अखाड़े के हरिओम को महज 30 सेकेंड में चित कर वाहवाही बटोरी।
हरहुआ के अभिमन्यु ने उलटा दांव लगाते हुए जौनपुर के सुजीत को दिन में ही तारे दिखा दिए। गया सेठ अखाड़े के संदीप बनाम बनियापुर के अश्विनी, गाजीपुर के रविप्रकाश बनाम छाही के राजेश, गऊडीह के डब्लू बनाम मुर्दहा के गोलू, गाजीपुर के हरिलाल बनाम बजरंग नगर के रामाशीष सहित कई जोड़ी कुश्तियां हुईं। संचालन रामसेवक यादव और अमरदेव मास्टर ने किया। प्रधान कन्हैया यादव, कृपाशंकर यादव, लल्लू पहलवान, विनोद यादव ने पहलवानों को बनारसी साफा बांध कर सम्मनित किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव, गजानंद यादव, सीताराम सिंह, रामजनम, नत्थू यादव, यश भारती से सम्मानित हिंद केशरी लालजी यादव, मनोहर पहलवान, गऊडीह के उस्ताद रामशंकर पहलवान, दिनेश यादव, कृष्ण कुमार मिश्र आदि मौजूद थे।