वाराणसी। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके पहले रोड शो हुआ। तेज धूप के बावजूद आठ किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर था। रोड शो विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, कबीरचौरा, लहुराबीर और अंधरापुल होते हुए कचहरी स्थित अंबेडकर पार्क तक गया। इसके उपरांत पूर्व विधायक ने निर्वाचन अधिकारी कक्ष में जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। अजय राय के नामांकन का चार सेट में प्रस्ताव रामनगर पालिका अध्यक्ष रेखा शर्मा, छावनी बोर्ड के उपाध्यक्ष चंद्र केशव, गुलराना तबस्सुम और रेशमा परवीन ने किया।
पीलीकोठी से ढोल नगाड़ों की थाप पर निकले जुलूस से पहले बुनकर समाज ने मंच पर अजय राय की दस्तारबंदी की। इससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। रोड शो के पहले पीलीकोठी में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि 2019 का चुनाव लोकतंत्र और उसके बुनियादी सिद्धांतों की रक्षा की लड़ाई है। जनता के मुद्दों पर पिछले पांच सालों में कांग्रेस के साथ अजय राय ने लड़ाई लड़ी। उन्हें बनारस से प्रत्याशी बनाया जाना झूठ और धोखे के खिलाफ सच का आंदोलन है। अब चौकीदार गुजरात के बार्डर पर खड़ा होगा और यहां से माटी का लाल अजय राय ही जीतेगा। पूर्व विधायक ने कहा कि मेरी लड़ाई काशी की अस्मिता एवं आत्मसम्मान की लड़ाई है।
रोड शो में बैंड, नगाड़े और पुष्प वर्षा के साथ जगह-जगह लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशी का स्वागत किया। कार्यकर्ता उत्साह के साथ नाचते हुए निकले। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, सीताराम केशरी, राजेशपति त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद पांडेय, पूर्व मंत्री अशोक सिंह, पूर्व विधायक गजरात सिंह, सतीश चौबे, मणींद्र मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, संजय चौबे, रामसुधार मिश्रा, जितेंद्र सेठ, डॉ. नृपेंद्र नारायण सिंह, रविशंकर पाठक, मनीष चौबे, हाजी ओकास अंसारी, प्रीति चौबे, ऋतु पांडेय समेत भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे।