वाराणसी। कोई हिप-हॉप, कोई बॉलीवुड, कोई वेस्टर्न के साथ क्लासिकल की जुगलबंदी कर रहा था तो कोई पैरों में घुंघरू बांधे पारंपरिक कथक नृत्य पर अपनी भाव भंगिमाओं से उपस्थित लोगों का ध्यान आक र्षित कर रहा था। कलाकार अपनी गायन कला का प्रदर्शन कर रहे थे। तो वहीं मॉडलिंग के क्षेत्र में अपना नाम करने की चाहत रखने वाले युवक और युवतियां अदा और नजाकत के साथ मॉडलिंग के जलवे बिखेर रहे थे।
रविवार को ककरमत्ता स्थित होटल में आयोजित ‘काशी गॉट टैलेंट’ में बनारस, गाजीपुर, जौनपुर आदि जगहों के हुनरबाज फिल्म इंडस्ट्री में अपना नाम करने के लिए ऑडिशन में भाग लेने पहुंचे थे। ऑडिशन की शुरुआत डांसिंग से हुई जिसमें श्रेया ने डोला रे... पर हिप-हॉप, मीमांसा ने कीथे कल्ले-कल्ले जायी जाने की... पर फ्रीस्टाइल डांस की प्रस्तुति दी। अंखियों से गोली मारे... पर चंदन ठाकु र ने बॉलीवुड नृत्य तो ले जा ले जा रे... पर हिप-हॉप किया। श्रद्धा ने वेस्टर्न क्लासिकल की जुगलबंदी पेश की। गाजीपुर से आई सरगम ने ले के पहला पहला प्यार पर बेहतरीन फ्रीस्टाइल डांस पर जजों ने खूब तालियां बजाई।
डांसिंग के बाद मॉडलिंग के लिए युवक और युवतियों ने जब हाई बीट्स पर रैंप वॉक शुरू किया तो उनकी सधी हुई चाल, अदा और नजाकत के सभी कायल हो गए। इस कार्यक्रम में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है। निर्णायकों में सौम्या वर्मा, अंकिता मिश्रा, नेहा चटर्जी, भरतनाट्यनम डांसर प्रीति गुप्ता, भोजपुरी एक्शन हीरो सत्येंद्र सिंह, रूबी राय, पूनम जायसवाल, अभिजीत चक्रवर्ती, श्वेता मुखर्जी शामिल रहे। लक्ष्य एंटरटेंमेंट की ओर से संयोजन अर्पिता सिंह का रहा। इस अवसर पर निलेश भुवालका, डीएन सिंह, शुभाशीष, गौरव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।