वाराणसी। माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से बारह तक के छात्र-छात्रा अब कॉलेज में ही एनसीईआरटी की किताबों को खरीद सकेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से कॉलेजों में स्टॉल लगवाए जाएंगे। 16 अप्रैल से लगने वाले स्टॉल के लिए जिले में छह कॉलेजों का चयन किया गया है, जहां निर्धारित मूल्य पर किताबें मिलेंगी।
शैक्षणिक सत्र 2019-20 के शुरू होने के बाद स्कूल-कॉलेजों में कॉपी-किताब, फीस, प्रवेश पंजीकरण फीस वृद्धि आदि को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। अभिभावकों के साथ ही पिछले दिनों अधिवक्ताओं ने मिलकर डीआईओएस से इसकी शिकायत की थी। अब डीआईओएस ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में राजकीय, शासकीय, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त, उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय और इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को कॉलेजों में पुस्तक खरीददारी के बारे में छात्रों को जागरूक करने को कहा है। बताया कि संबंधित छात्र सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक स्टॉल पर किताबें खरीद सकते हैं लेकिन इसमें कोई गाइड नहीं खरीदी जाएंगी।