वाराणसी। दो दिन रुक-रुक कर हुई बारिश, पहाड़ों पर बर्फवारी और तेज हवाओं के बाद गुरुवार को हल्की धूप रही। 10-12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से ठंड से राहत नहीं मिली। शुक्रवार से मौसम साफ रहने का अनुमान है। अब बारिश की भी संभावना नहीं है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस था, जो गुरुवार को 23.2 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री घटकर 12.2 तक पहुंच गया। इस बीच बारिश के बाद ककरमत्ता में जलजमाव से राहगीरों को परेशानी हुई। दूसरी ओर किसानों को राहत मिली है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक राजीव बाटला के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बावजूद तेज हवाएं चलती रहेंगी।