उज्ज्वला योजना के तहत शुरू किए गए ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत 20 अप्रैल को तेल कंपनियां उज्ज्वला दिवस के रूप में मनाएंगी। इस मौके पर वाराणसी की कुल 63 गैस वितरक एजेंसियां अपने अंतर्गत आने वाले 63 गांवों में एलपीजी पंचायत का आयोजन कर प्रत्येक गांव की सौ महिलाओं को गैस कनेक्शन बांटेंगी। साथ ही, पंचायत में एलपीजी और उज्ज्वला योजना की उपलब्धियां भी बताएंगी। यह जानकारी सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इंडियन ऑयल कंपनी के सहायक प्रबंधक व वाराणसी के नोडल अधिकारी सत्यम मिश्रा ने दी।
सहायक प्रबंधक ने बताया कि इस दिन हर वितरक एक गांव में 500 महिलाओं की एलपीजी पंचायत लगाएंगे और 100 महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन वितरित करेंगे। जिले में 6300 गैस कनेक्शन 20 अप्रैल को वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना को एक अप्रैल से और विस्तार दिया गया है। इसमें सात श्रेणी और जोड़ी गई हैं। इसमें अनुसूचित जाति-जनजाति, अंत्योदय परिवार, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी, अति पिछड़ा वर्ग, वनवासी, चाय बागान या पुराने बागान जन जातियों तथा नदी और समंदर के टापू पर रहने वाले लोग इस श्रेणी में शामिल हैं।
इसकी शुरुआत वाराणसी से हो रही है। पेट्रोलियम कंपनियों ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिले में एक लाख 49 हजार गरीब परिवारों को कनेक्शन देने का लक्ष्य है। लेकिन अभी तक मात्र लगभग 59 हजार 200 कनेक्शन दिए गए हैं। 70 हजार आवेदनों की जांच पड़ताल की जा रही है। महिला लाभार्थी को योजना के अंतर्गत एलपीजी कनेक्शन मिलेगा। महिला को 14 प्वाइंट का सेल्फ डिक्लरेशन देना होगा। प्रेसवार्ता में वाराणसी एलपीजी वितरक संघ के प्रवक्ता मनीष चौबे भी मौजूद रहे।
यह दस्तावेज देने होंगे-
- महिला लाभार्थी का आधार और परिवार का अन्य वयस्क सदस्य का आधार की कॉपी
- राशन कार्ड की कॉपी
- बैंक पासबुक की कॉपी
- यदि उपरोक्त दी गई श्रेणी में से है तो उस कैटेगरी का सर्टिफिकेट