सुरियावां। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल रूट के सुरियावां स्टेशन पर सोमवार सुबह 10 बजे एक बेकाबू टाटा मैजिक रेलवे क्रासिंग का बैरियर तोड़ते हुए ट्रैक पर फंस गई। इसके चलते वाराणसी से देहरादून जा रही ट्रेन को आउटर पर रोकना पड़ा। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे हटाया गया, तब ट्रेन आगे रवाना हो सकी। रेलवे की ओर से वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।
सुरियावां स्टेशन पर पूर्वी और पश्चिमी छोर पर बैरियर लगे हैं। सुबह 10 बजे के करीब वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस के आने की सूचना पर बैरियर बंद किया जा रहा था। उसी दौरान बाईपास की ओर से आ रही टाटा मैजिक चार पहिया बैरियर को तोड़ते हुए ट्रैक में जाकर फंस गई। आनन-फानन में रेलवे कर्मचारी ने फोन कर जनता एक्सप्रेस को आउटर पर ही रोका। करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद वाहन को हटाया गया तब ट्रेन आगे बढ़ी। इस मामले में रेल प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।