वाराणसी। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से रविवार को डीरेका इंटर कॉलेज के मैदान पर शिविर लगाकर श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं की सौगात दी गई7 केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष कुमार गंगवार ने श्रमिकों को गंगा एकीकृत आवास योजना, बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं के प्रमाणपत्र बांटे। कहा कि देश में 40 करोड़ से अधिक असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार सरकार की प्राथमिकता है। महज 12 रुपये में दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा सरकार ने शुरू किया है।
इस दौरान मंत्री ने बीड़ी सन्निर्माण एवं अन्य कामगारों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता राशि प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीस लोगों को बांड, एकीकृत आवास योजना के तहत लाभार्थियों को 37 हजार पांच सौ रुपये की पहली किस्त दी। मृतक आश्रित सहायता के तहत करीब पांच लाख की राशि दी। विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब दस हजार श्रमिकों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री संतोष गंगावार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रमिक वर्ग की चिंता की। श्रमिकों के हितों के लिए हम सब मिलकर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए एक अनोखी योजना चालू कराई, जिसमें महज 12 रुपये में दो लाख का एक साल का दुर्घटना बीमा किया जा रहा है। आगे इसका दायरा बढ़ाकर सभी प्रकार के श्रम और बीपीएल धारक इससे जोड़ जाएंगे। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजना कामगार परिवारों की आर्थिक-सामाजिक सुरक्षा का आधार बनेगी।