भदोही। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट में प्रदेश के किसानों, नौजवानों, मजदूरों की अपेक्षाएं पूरी की है। इससे प्रदेश में रोजगार बढ़ेगा। युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। आजादी के बाद यह पहला बजट है, जो किसानों के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। वे शनिवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर रहे थे।
कहा कि बजट में किसानों की प्राथमिकता दी गई है। मैं इसका स्वागत करता हूं। इससे जल संरक्षण, पशुपालन और खाद की उपलब्धता सुदृढ़ होगी। किसानों को नुकसान से बचाने की संभावनाएं तलाशी हैं। इससे किसानो को राहत मिलेगी। बजट में दूग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार समझती है कि किसानों की जेब में धन होगा तो बाजार में रौनक होगी। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तो लाभ युवाओं को मिलेगा। एक प्रश्न के जवाब में सांसद ने कहा कि भदोही में कालीन मेले का आयोजन होना चाहिए। इसमें आने वाली अड़चनों को दूर कराने का प्रयास होगा। कहा कि इस संबंध में मैं केंद्र सरकार को पत्र लिखूंगा कि 250 करोड़ से बने एक्सपो मार्ट का सदुपयोग हो। यहां मेला आयोजन से बड़ों के साथ साथ मझोले उद्यमियों को लाभ होगा। वार्ता में शैलेंद्र दूबे, शिवशंकर यादव, प्रिय कुमार आदि रहे।